रांची , अक्टूबर 10 -- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए शनिवार को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और लोकसभा सांसद पप्पू यादव बिरसा एयरपोर्ट रांची पहुंचे। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार सुबह बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह सीधे नेमरा के लिए रवाना हो गए। नेमरा में वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उनकी मां के निधन पर शोक व्यक्त करेंगे।
रांची एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में भूपेश बघेल ने कहा कि मां को खोने का दर्द बहुत बड़ा होता है। वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर उन्हें सांत्वना देंगे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोगों के आंदोलनों से डर गई है। दिल्ली में युवाओं के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आंदोलन के मद्देनजर ट्रेन, मेट्रो और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
वहीं, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी भी शनिवार को रांची पहुंचे। एयरपोर्ट से वह हेलीकॉप्टर के जरिए नेमरा के लिए रवाना हो गए। वहां वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर रूपी सोरेन के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।
लोकसभा सांसद पप्पू यादव भी शनिवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह सीधे रामगढ़ जिले के नेमरा गांव के लिए रवाना हो गए। वह दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के आवास पर पहुंचकर रूपी सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करेंगे और परिजनों से मुलाकात करेंगे।
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं के आंदोलन से घबराई हुई है। दिल्ली में युवाओं के प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार की कार्रवाई पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
पप्पू यादव ने पश्चिम बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधा और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार छोटी मछली हैं, जबकि बड़ी मछली कोई और है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा।
सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ मामला चलाने तथा उन्हें जेल भेजने की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के लिए 'लवली बॉय' शब्द का इस्तेमाल करते हुए केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित