दंतेवाड़ा , मई 18 -- छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को दंतेवाड़ा विकासखंड के ग्राम मुस्केल स्थित सरपंच पारा में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम कुष्ठ रोग से पीड़ित महिला कुमली के घर पहुंची और उनकी स्वास्थ्य जांच की। साथ ही परिवार एवं आसपास के लोगों की भी जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि कुष्ठ रोग की समय पर पहचान और उपचार से विकलांगता को रोका जा सकता है। लोगों को शरीर पर दिखाई देने वाले दाग-धब्बों की तत्काल जांच कराने के लिए भी जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने कुष्ठ रोग से जुड़े सामाजिक भेदभाव और भ्रांतियों को दूर करने की अपील करते हुए कहा कि यह एक सामान्य बीमारी है, जिसका उपचार संभव है तथा मरीजों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए।

इस दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवन विजय कुर्रे सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुमली एवं उनके परिवार के साथ बैठकर भोजन किया। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल को कुष्ठ रोगियों के प्रति अपनत्व और समान व्यवहार का संदेश देने वाला कदम माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित