चंडीगढ़ , अक्टूबर 14 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से रूसी प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ में मुलाकात कर तकनीक हस्तांतरण, संयुक्त अनुसंधान और औद्योगिक सहयोग पर चर्चा की।
बैठक में हिसार जिले के सिसाय स्थित ड्रोन सिटी हरियाणा में दो भारत-रूस संयुक्त उद्यम स्थापित करने के प्रस्तावों पर विचार किया गया। इनमें 250 किलोमीटर तक उड़ान भरने और 200 किलोग्राम तक भार ले जाने में सक्षम हेलीकॉप्टर ड्रोन का निर्माण तथा जीपीएस/जीएनएसएस संकेतों के बिना ड्रोन संचालन की तकनीक विकसित करना शामिल है।
ओम्नीटेक एलएलसी और एवीपीएल इंटरनेशनल के प्रस्तावित सहयोग से हेलीकॉप्टर ड्रोन निर्माण, असेंबली, अनुसंधान और परीक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं, दूसरे प्रस्ताव में भारतीय सेमीकंडक्टर चिप्स के इस्तेमाल से स्वदेशी नेविगेशन तकनीक विकसित करने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा को ड्रोन निर्माण और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार एआईटीएमसी वेंचर्स लिमिटेड के लिए 58.51 करोड़ रुपये के विशेष प्रोत्साहन पैकेज को मंजूरी दे चुकी है। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और मुख्यमंत्री के ओएसडी विवेक कालिया सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित