चंडीगढ़ , दिसंबर 09 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से राज्य विदेश सहयोग विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को ब्रिटिश दूतावास की उप उच्चायुक्त अलबा स्मेरिग्लियो ने शिष्टाचार भेंट की। बैठक में दोनों पक्षों के बीच शिक्षा, कौशल विकास और औद्योगिक निवेश के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर व्यापक चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा में तेजी से विकसित हो रहे शिक्षा ढांचे और ग्लोबल यूनिवर्सिटी मॉडल की जानकारी साझा की। इस दौरान ब्रिटेन के प्रमुख विश्वविद्यालयों द्वारा राज्य में कैंपस स्थापित करने की संभावनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। इससे हरियाणा के विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा और शोध के अवसर मिल सकेंगे।

बैठक में ब्रिटेन में कुशल श्रमिक की मांग और हरियाणा के युवाओं को वहां बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने पर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने वर्क स्किल प्रोग्राम और जॉब एक्सचेंज मॉडल पर सहयोग बढ़ाने की सहमति जताई।

इसके अलावा ऑटोमोबाइल सेक्टर, एविएशन, कृषि तकनीक और रक्षा उपकरण निर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने और संयुक्त परियोजनाएं शुरू करने पर भी बात हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा निवेश और नवाचार के लिए अनुकूल राज्य है।

यह बैठक भारत-ब्रिटेन की साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित