चंडीगढ़ , जून 21 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पंचकुला के सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में हजारों लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर 16 देशों के सैकड़ों युवाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया।
मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि योग सीमाओं, भाषाओं और संस्कृतियों से परे मानवता को एकजुट करने की शक्ति रखता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस वैश्विक जन आंदोलन बन चुका है और आज पूरी दुनिया भारत की इस प्राचीन विरासत को अपना रही है।
उन्होंने कहा कि योग तनाव, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और मोटापे जैसी जीवनशैली संबंधी समस्याओं से निपटने का प्रभावी माध्यम है। युवाओं से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग करने का आह्वान करते हुए उन्होंने इसे स्वस्थ और विकसित भारत की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 'वृद्ध सेवा एवं स्वास्थ्य पोर्टल' तथा 'संजीवनी योग कार्यक्रम' का शुभारंभ किया। साथ ही हरियाणा योग आयोग की पत्रिका 'योगमय हरियाणा', कॉमन योग प्रोटोकॉल पुस्तिका और योग गुरु स्वामी रामदेव की पुस्तक 'योगर्षि-योगनिघंटुः' का विमोचन भी किया।
समारोह में स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित