चंडीगढ़ , अक्टूबर 08 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक दीपक मंगला के ओल्ड जीटी रोड, सेक्टर-2 स्थित निवास पर पहुंचकर उनके पिता स्व. लाला वेद प्रकाश मंगला के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. वेद प्रकाश मंगला का करीब 93 वर्ष का जीवन समाजसेवा और लोगों के हित के लिए समर्पित रहा। वे सामाजिक और धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे तथा जरूरतमंदों की सहायता करना उनके स्वभाव का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि उनके दिए संस्कार और जीवन मूल्य परिवार के लिए सदैव मार्गदर्शक रहेंगे।

श्री सैनी ने पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस पर निशाना साधा और उस पर झूठ और दुष्प्रचार की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता हरियाणा को नंबर एक बनाने के दावों पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस शासन के दौरान भ्रष्टाचार, पर्ची-खर्ची और अव्यवस्थाओं का बोलबाला था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा तेजी से विकास कर रहा है। प्रदेश में फोरलेन सड़कें, एक्सप्रेसवे और ग्रीनफील्ड रोड बन रहे हैं तथा आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के रोजगार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार काम कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित