चंडीगढ़ , अक्टूबर 07 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर दौरे के दौरान पंजाब और हरियाणा मूल के प्रमुख उद्योगपतियों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और प्रवासी भारतीयों से हरियाणा में निवेश करने और राज्य के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में प्रवासी भारतीय महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सिंगापुर ने दूरदर्शी आर्थिक नीतियों, मजबूत बुनियादी ढांचे, सुशासन और प्रभावी कानून व्यवस्था के दम पर विश्व के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में अपनी जगह बनाई है। हरियाणा भी बेहतर कानून व्यवस्था, आधुनिक बुनियादी ढांचे, कुशल मानव संसाधन और निवेशक-अनुकूल नीतियों के कारण देश के प्रमुख निवेश स्थलों में उभरा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से देश में निवेश, रोजगार, बुनियादी ढांचे और उद्यमिता के नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने करतारपुर कॉरिडोर के निर्माण को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने सिख विरोधी दंगों से प्रभावित परिवारों के हित में सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने के लिए भी कदम उठाए हैं।
श्री सैनी ने उद्योगपतियों को हरियाणा में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने का निमंत्रण देते हुए कहा कि सरकार निवेशकों को अनुकूल कारोबारी माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रवासी उद्योगपतियों को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास 'संत कबीर कुटीर' आने का भी निमंत्रण दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित