कपूरथला , मई 31 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को राधा स्वामी सत्संग ब्यास मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने डेरा प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान सामाजिक, आध्यात्मिक और जनकल्याण के मुद्दों पर चर्चा हुई।

इसके बाद मुख्यमंत्री कपूरथला स्थित माता भद्रकाली मंदिर पहुंचे। उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत समाज को जोड़ने तथा सकारात्मक ऊर्जा देने का काम करती है।

मुख्यमंत्री ने कपूरथला के सर्कुलर रोड मार्केट क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण, विकास और सुशासन के संकल्प के साथ काम कर रही है। आमजन के हित सर्वोपरि हैं।

डेरा ब्यास के पंजाब, हरियाणा, हिमाचल सहित देश-विदेश में लाखों अनुयायी हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक पंजाब के माझा और मालवा क्षेत्र में डेरा अनुयायियों का प्रभाव है। इसी कारण चुनावी दौर में विभिन्न दलों के नेता डेरा मुख्यालय पहुंचते रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित