चंडीगढ़ , अगस्त 04 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम से संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही पवित्र कलश यात्रा को राज्य के 27 संगठनात्मक जिलों के लिए रवाना किया।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्रीय एकता का जनआंदोलन है, जिसमें हरियाणा पूरी श्रद्धा के साथ भागीदारी करेगा।
मुख्यमंत्री ने श्री माता शीतला मंदिर में पूजा-अर्चना कर पवित्र कलश को श्रद्धापूर्वक अपने सिर पर धारण किया और यात्रा को रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा 20 फरवरी 2027 तक देशभर में भ्रमण कर गुरु रविदास जी के समता, न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी। इस अवसर पर उन्होंने गुरुग्राम की संत रविदास धर्मशालाओं के लिए 31 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता सहित कई मंत्री, विधायक, संत समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
वक्ताओं ने गुरु रविदास जी के समरसता, समानता, सेवा और मानवता के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित