पंचकूला , अगस्त 01 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्यों को करों में हिस्सेदारी के तहत केंद्र सरकार द्वारा जारी 1.09 लाख करोड़ रुपये में से प्रदेश को 1,484 करोड़ रुपये मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि राज्य में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने, जनसेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और समावेशी विकास को गति देने में मददगार होगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा समय पर धनराशि जारी किया जाना सहकारी संघवाद की भावना को मजबूत करने वाला कदम है और इससे राज्यों को अपनी विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
श्री सैनी ने कहा कि राज्य सरकार इस राशि का उपयोग विकास कार्यों को तेज करने और जनता तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने के लिए करेगी। उन्होंने इसे हरियाणा के विकास के लिए महत्वपूर्ण सहयोग बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की विकास यात्रा को नई ऊर्जा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित