चंडीगढ़ , अगस्त 29 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नूंह दौरे से पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुबीन तेडिया सहित कई कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया।
नूंह विधायक और कांग्रेस दल के उपनेता चौधरी आफताब अहमद ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो साझा कर सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उसके सवालों का जवाब देना चाहिए।
बता दें कि पुलिस की यह कार्रवाई गुरुग्राम की उस घटना के बाद की गयी है, जब कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के काफिले को काले झंडे दिखाए थे। इस मामले में आठ नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज होने पर कांग्रेस नेताओं ने पुलिस आयुक्त कार्यालय का घेराव किया था। बाद में एक एसएचओ को निलंबित करना पड़ा, जबकि दो डीसीपी को नोटिस जारी किए गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित