कानपुर , जुलाई 28 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश में पिछड़ा मोर्चा द्वारा संचालित संगठनात्मक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान पिछड़ा समाज के सशक्तिकरण, संगठन विस्तार तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा हुई।

भाजपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रकाश पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रतीकात्मक रूप से एक क्रिकेट बैट भेंट करते हुए कहा कि वह विपक्ष के खिलाफ इसी प्रकार "जोरदार बल्लेबाजी" करते रहें। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछड़ा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता तथा पिछड़ा समाज मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूरी मजबूती के साथ खड़ा है।

श्री पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय को बढ़ावा मिला है तथा समाज के सभी वर्गों, विशेषकर पिछड़े समाज, को इसका लाभ प्राप्त हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि भाजपा पिछड़ा मोर्चा प्रदेश के प्रत्येक जिले, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। मोर्चा के कार्यकर्ता विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित कर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछड़ा समाज को सम्मान, सुरक्षा और विकास के नए अवसर मिले हैं, जिससे समाज में भाजपा के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में बूथ स्तर तक जनजागरण और सामाजिक संपर्क अभियानों को और गति दी जाएगी।

विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछड़ा मोर्चा के कार्यों की सराहना करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित