मुरादाबाद , मार्च 25 -- हिंदू समाज पार्टी के युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रियांशु जोशी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है कि आपने जिस तरह प्रदेश से अपराधियों का सफाया किया है, उसी तरह मुरादाबाद से आईपीएल सट्टेबाजों का भी सफ़ाया होना चाहिए।

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हिंदू समाज पार्टी ने खून से लिखे पत्र में मुख्यमंत्री योगी से आईपीएल सट्टेबाजों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

आईपीएल सीजन शुरू होने से ठीक पहले मुरादाबाद में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हिंदू समाज पार्टी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रियांशु जोशी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम खून से लिखे पत्र में आईपीएल, एमसीएक्स और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े सट्टेबाजों के खिलाफ तुरंत सख़्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी पूरे शहर में चर्चा हो रही है। पत्र में सट्टेबाजों की संपत्तियों की जांच कराने और समाज के लिए कोढ़ बने सट्टेबाजी को पूरी तरह समाप्त करने की गुहार लगाई है।

प्रियांशु जोशी ने पत्र में स्पष्ट लिखा है कि "मुख्यमंत्री जी, एमसीएक्स व ऑनलाइन गेम्स सट्टा किंग्स के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाए तथा इनकी संपत्ति की जांच होनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह लड़ाई केवल आईपीएल तक सीमित नहीं है। जब तक उत्तर प्रदेश से इन सट्टेबाजों को पूरी तरह खत्म नहीं कर दिया जाता, तब तक हम शांत नहीं बैठेंगे। हमारी युवा पीढ़ी हिंदुस्तान का भविष्य है और हम इन्हें सट्टेबाजों के चंगुल में बर्बाद नहीं होने देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित