रायपुर , अगस्त 17 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को सावन और नागपंचमी के अवसर पर जशपुर जिले के अपने गृहग्राम बगिया स्थित फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में पत्नी कौशल्या साय और परिवार के सदस्यों के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव का अभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और राज्य की निरंतर प्रगति की कामना की।
मैनी नदी के तट पर स्थित फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में 17 से 19 अगस्त तक एक लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग के निर्माण और पूजन का तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय और कौशल्या साय ने श्रद्धालुओं के साथ पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर पूजन एवं अभिषेक किया।
श्री साय ने प्रदेशवासियों को नागपंचमी और सावन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का विशेष अवसर है और भगवान भोलेनाथ लोकमंगल एवं कल्याण के प्रतीक हैं। उन्होंने किसानों के खेत-खलिहानों की समृद्धि तथा प्रदेश में सुख, शांति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति और परमात्मा के प्रति श्रद्धा का अद्भुत समन्वय है। नदियां, वन, पर्वत और जीव-जगत आस्था एवं जीवन परंपरा के अभिन्न अंग हैं। शिव आराधना प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, लोककल्याण और सेवा का संदेश देती है।
तीन दिवसीय अनुष्ठान के दौरान पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन, अभिषेक, आरती, पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहले दिन सोमवार को पार्थिव शिवलिंग निर्माण के साथ पूजन-अभिषेक और आरती हुई। मंगलवार को भी शिवलिंग निर्माण, पूजन एवं अभिषेक किया जाएगा। अनुष्ठान का समापन 19 अगस्त को विशेष पूर्णाहुति के साथ होगा।
आयोजन में एक लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग के निर्माण और पूजन का संकल्प लिया गया है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सामूहिक रूप से शामिल होकर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं लोककल्याण की कामना कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित