रायगढ़ , अक्टूबर 15 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को रायगढ़ में आयोजित नुआखाई भेंट-मुलाकात एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की।

इस अवसर पर उन्होंने समाज के विकास में शिक्षा, कृषि और व्यापार की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।

रायगढ़ के निगम ऑडिटोरियम में कौनधा समाज की ओर से आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री श्री साय के साथ वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सांसद, महापौर और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने समाजजनों को नुआखाई पर्व और शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के लोग शिक्षा, व्यापार, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में समाज की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

समारोह के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने ग्राम कोतरलिया और चंडीदोगरी में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने 30 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।

श्री साय ने कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए धर्मांतरण से संबंधित उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से अवैध धर्मांतरण की गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन पर भी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहजनक है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों से प्रदेश में महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित