अंबिकापुर , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में निजी स्कूलों द्वारा फीस वृद्धि और महंगी किताबें खरीदने के दबाव को लेकर बढ़ती शिकायतों पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने आज सरगुजा प्रवास के दौरान साक्षात्कार देते हुए कहा कि प्रदेश भर में कई निजी स्कूलों द्वारा फीस बढ़ाने और अभिभावकों को विशेष दुकानों से महंगी किताबें खरीदने के लिए बाध्य करने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और अभिभावक लगातार परेशान हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में पारदर्शिता और संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। यदि कहीं भी निजी स्कूलों द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जाता है या अभिभावकों पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है, तो संबंधित संस्थान के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी इस मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए लिखा कि अभिभावक निश्चिंत रहें, प्रदेश में निजी स्कूलों की किसी भी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त होने पर जांच कर नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।

श्री साय ने यह भी स्पष्ट किया कि बच्चों की शिक्षा के नाम पर किसी भी प्रकार का आर्थिक शोषण स्वीकार्य नहीं है। सरकार इस विषय पर पूरी संवेदनशीलता के साथ नजर बनाए हुए है और यह सुनिश्चित करेगी कि शिक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की अनियमितता या दबाव का सामना करना पड़ता है, तो वे इसकी शिकायत संबंधित विभाग या शासन के समक्ष करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित