रायपुर , सितंबर 25 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय के सिद्धांत को आत्मसात कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपने विचारों और सिद्धांतों के माध्यम से राष्ट्र के समग्र विकास की ऐसी दृष्टि प्रस्तुत की, जिसके केंद्र में समाज का अंतिम व्यक्ति है। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण तथा कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित