रायपुर , अगस्त 17 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को जशपुर जिले के बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में जशपुर वनमंडल के जनजागरूकता अभियान पर आधारित पुस्तक 'गजरथ यात्रा-भाग 02' का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा के साथ हाथियों और उनके प्राकृतिक आवास का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जशपुर वन संपदा और जैव विविधता से समृद्ध क्षेत्र है। यहां मानव और वन्यजीवों के बीच सुरक्षित सह-अस्तित्व सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है। हाथियों के प्राकृतिक व्यवहार और उनके विचरण क्षेत्रों के संबंध में लोगों को जागरूक कर मानव-हाथी द्वंद्व की घटनाओं को कम किया जा सकता है।

उन्होंने 'गजरथ यात्रा' की सराहना करते हुए कहा कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय समुदायों को जागरूक और सतर्क करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। वन विभाग के साथ स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी मानव-हाथी सह-अस्तित्व को मजबूत करने में सहायक हो सकती है।

जशपुर वनमंडल की ओर से हाथी प्रभावित गांवों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर 'गजरथ यात्रा' के माध्यम से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को हाथियों के व्यवहार, प्राकृतिक आवास, भोजन और विचरण क्षेत्रों की जानकारी दी जा रही है। लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उनकी मौजूदगी की स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना देने के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।

अभियान में आधुनिक तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है। 'राज संकेत' ऐप के माध्यम से हाथियों की गतिविधियों और विचरण की जानकारी मिलने पर संबंधित क्षेत्रों के ग्रामीणों को मोबाइल संदेश के जरिए सतर्क किया जाता है। वन विभाग के मैदानी अमले, त्वरित प्रतिक्रिया दल और स्थानीय समुदाय के बीच समन्वय के जरिए जनसुरक्षा एवं हाथी प्रबंधन के प्रयास किए जा रहे हैं।

'गजरथ यात्रा-भाग 02' में मानव-हाथी द्वंद्व प्रबंधन, जनजागरूकता कार्यक्रमों, ग्रामीण समुदायों की भागीदारी, विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण से जोड़ने और हाथियों के साथ सुरक्षित व्यवहार को प्रोत्साहित करने वाली गतिविधियों को संकलित किया गया है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने मानव-हाथी द्वंद्व प्रबंधन, जनसुरक्षा और हाथियों के संरक्षण में उल्लेखनीय कार्य करने वाले वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित वन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित