रायपुर , मई 03 -- छत्तीसगढ़ में 'सुशासन तिहार' के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जशपुर जिला प्रवास के दौरान आज ग्राम भैंसामुड़ा में एक प्रेरक दृश्य देखने को मिला। विकासखंड पत्थलगांव के इस सुदूर गांव में पहुंचकर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन मकानों का औचक निरीक्षण किया।

गांव से गुजरते समय मुख्यमंत्री की नजर हितग्राही अनुसुइया पैंकरा के निर्माणाधीन घर पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री साय ने न केवल कार्य की गुणवत्ता को परखा, बल्कि वहां कार्यरत श्रमिकों से आत्मीय संवाद कर उनके परिश्रम की सराहना भी की।

इस दौरान मुख्यमंत्री की सादगी और संवेदनशीलता तब और मुखर हुई, जब उन्होंने स्वयं करणी उठाकर सीमेंट-गारा से ईंट जोड़ते हुए श्रमदान किया। मुख्यमंत्री को अपने घर के निर्माण में सहभागी होते देख हितग्राही और ग्रामीण भावुक हो उठे। मुख्यमंत्री की यह पहल जनसेवा और आमजन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का एक सशक्त संदेश बनकर उभरी।

हितग्राही अनुसुइया पैंकरा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पक्के घर का उनका वर्षों पुराना सपना अब साकार हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना से उनके परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन प्राप्त होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित