रायपुर , दिसंबर 24 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा एलवीएम3-एम6 रॉकेट के माध्यम से 6100 किलोग्राम वजनी ब्लू बर्ड ब्लॉक-2 उपग्रह के सफल प्रक्षेपण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वैज्ञानिकों को बधाई दी है।
उन्होंने इस उपलब्धि को नवभारत की वैज्ञानिक शक्ति और आत्मनिर्भरता का स्वर्णिम अध्याय बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ''एक्स'' पर अपने संदेश में कहा कि इस सफल प्रक्षेपण से भारत की विश्वसनीय हैवी-लिफ्ट क्षमता और अधिक सशक्त हुई है। यह उपलब्धि गगनयान जैसे महत्वाकांक्षी अभियानों के साथ-साथ वाणिज्यिक प्रक्षेपण सेवाओं और वैश्विक साझेदारियों को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि देश के युवा वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और नवाचार करने वाली पीढ़ी की प्रतिभा के कारण भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम लगातार प्रगतिशील, प्रभावशाली और विशिष्ट बनता जा रहा है। यह केवल एक तकनीकी सफलता नहीं, बल्कि असीमित संभावनाओं के नए युग की शुरुआत है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में यह उपलब्धि देश की आत्मनिर्भरता को और सुदृढ़ करती है। उन्होंने इसरो के समर्पित वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और पूरे देशवासियों को इस ऐतिहासिक सफलता पर हार्दिक बधाई दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित