शाहजहांपुर , जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को शाहजहांपुर के खिरनीबाग रामलीला मैदान में आयोजित समारोह में 229 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें 40 मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न कराया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं सफल दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिससे गरीब माता-पिता को बेटियों के विवाह की चिंता से राहत मिली है।
सुरेश खन्ना ने कहा कि राज्य सरकार जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी निभा रही है और समाज के सभी वर्गों को इस योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने सभी नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाज से तथा 40 मुस्लिम जोड़ों का निकाह काजी की मौजूदगी में संपन्न कराया गया। मंत्री ने नवदंपतियों को उपहार भी प्रदान किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित