भोपाल , जुलाई 31 -- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सात अगस्त को छिंदवाड़ा में प्रथम जन-विश्वास दौरे के तहत आयोजित जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वह मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज चयनित शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याओं के निराकरण की समीक्षा करेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार समाधान कार्यक्रम के लिए शिकायतों का चयन कर उनका प्राथमिक स्तर पर परीक्षण एवं निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। निराकृत शिकायतों के आधार पर चयनित शिकायतकर्ताओं को कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री स्वयं उनसे चर्चा कर समाधान की स्थिति का आकलन करेंगे।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर जिले में विकास कार्यों तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक भी करेंगे। इसके अलावा वह उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ उद्योग संवाद में भाग लेकर निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे।
राज्य सरकार के अनुसार मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और नागरिकों के बीच विश्वास को सुदृढ़ करना, शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना है। सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री का यह जन-विश्वास दौरा नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद और उत्तरदायी सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित