चंडीगढ़ , जून 25 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सरकार पर लगे गंभीर आरोपों का जवाब देने के बजाय लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश की है। श्री ढिल्लों ने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने कथित 10 लाख रुपये की रिश्वत, फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट, गुरुग्राम में दर्ज प्राथमिकी और पंजाब पुलिस की कथित भूमिका जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मामलों में सरकार और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब के लोग सच्चाई जानना चाहते हैं और केवल बयानबाजी या राजनीतिक नाटक से काम नहीं चलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता के सामने सभी तथ्यों को पारदर्शी तरीके से रखा जाना चाहिए।

श्री ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की चुप्पी पर भी सवाल उठाये। उनका कहना था कि पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया न आना कई नये सवाल खड़े करता है और इससे पूरे मामले को लेकर संदेह और गहरा हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सत्ता में बैठे लोग किसी साजिश का हिस्सा बन जाते हैं तो वे सच का सामना करने का नैतिक साहस खो देते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी नेतृत्व को इन आरोपों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

भाजपा नेता ने मांग की कि कथित रिश्वत, फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य विवादित मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाये। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान नैतिक आधार पर पद पर बने रहने का अधिकार खो चुके हैं और उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब की जनता जवाबदेही, पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की अपेक्षा कर रही है तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं और कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा बनाये रखना सरकार की जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित