पटना , अक्टूबर 06 -- सेवा के रंग, राष्ट्र के संग' अभियान के अंतर्गत पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सात अक्टूबर को शाम 5 बजे भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दीप प्रज्वलित कर करेंगे।
इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री नितीश मिश्रा, प्रमोद चंद्रवंशी, केदार गुप्ता, दिलीप जायसवाल, लखनेंद्र पासवान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया, राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू, बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा, विधायक जीवेश मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री गांधी मैदान में तैयार की जा रही भव्य रंगोलियों एवं विभिन्न कलाकृतियों का अवलोकन करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में सेवा, समर्पण, सुशासन एवं विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को रंगों, कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
अभियान की प्रदेश संयोजक अनामिका पासवान ने बताया कि गांधी मैदान को 'सेवा के रंग' की संकल्पना के अनुरूप सजाने के लिए सैकड़ों कलाकार दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। विशाल रंगोलियों और कलाकृतियों के माध्यम से बिहार की संस्कृति, लोक परंपराओं, विकास कार्यों और जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रदर्शित किया जा रहा है। यह आयोजन कला प्रदर्शन के साथ सेवा, संस्कृति, विकास और जनभागीदारी का संगम बनेगा।
कार्यक्रम स्थल पर मिथिला, मगध, चंपारण सहित बिहार के विभिन्न अंचलों के पारंपरिक खान-पान और स्थानीय उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। विभिन्न उद्यमियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा अपने उत्पादों और गतिविधियों से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। ड्रोन के माध्यम से गांधी मैदान के पूरे आयोजन का दृश्यांकन और व्यापक प्रसारण भी किया जाएगा।
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के कलाकारों के साथ अन्य प्रतिभाशाली कलाकार लोककला, संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इस अवसर पर आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले कलाकारों, रचनाकारों एवं सहयोगियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा।
अभियान की प्रदेश संयोजक अनामिका पासवान ने कहा कि 'सेवा के रंग, राष्ट्र के संग' कार्यक्रम सेवा, समर्पण, संस्कृति और विकास का अद्भुत संगम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में हो रहे विकास कार्यों को कला और रंगों के माध्यम से लोगों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है। बिहार के सभी जिलों में अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता मिल रही है।
कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम की सह-संयोजक स्वाति सिन्हा, आनंद पाठक सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आयोजन को भव्य स्वरूप देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजकों ने कहा कि सात अक्टूबर का गांधी मैदान कार्यक्रम बिहार की कला, संस्कृति, सेवा, विकास और जनभागीदारी का यादगार आयोजन बनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित