पटना , सितम्बर 18 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 'कायाकल्प' पोर्टल का भी लोकार्पण किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से 'कायाकल्प पोर्टल के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आज सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान की शुरूआत की गयी है। साथ ही कायाकल्प पोर्टल का भी लोकार्पण किया गया है। इस अभियान का मूल उद्देश्य सार्वजनिक सुविधाओं एवं परिसंपतियों को बेहतर एवं स्वच्छ बनाना तथा नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के दो प्रमुख अवयव हैं। पहला, पूर्व से अवस्थित परिसंपतियों का उन्नयन, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मती, जिसे हर हाल में 30 नवम्बर तक पूर्ण किया जाना है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से आग्रह किया कि इसे दीपावली के पहले ही पूर्ण कर लें। नई आधारभूत संरचना एवं परिसंपतियों का निर्माण जिसे 31 मार्च 2027 तक पूर्ण किया जायेगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिये सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग लें। पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों के प्रतिनिधियों का सहयोग लें। छोटी-छोटी चीजों पर गौर करें और उसका सफल क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस के अवसर पर होनेवाले कार्यक्रम में इस अभियान के अवयवों को शामिल कर बेहतर ढंग से कार्यों को संपादित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित