पटना , अक्टूबर 11 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने मां शैलपुत्री से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने तथा अपनी कृपा से सबका कल्याण करने की प्रार्थना की है।
श्री चौधरी ने रविवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपने संदेश में कहा कि मां शैलपुत्री की आराधना को समर्पित शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने कामना की कि मां शैलपुत्री सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनाए रखें तथा अपनी कृपा से सबका कल्याण करें। उन्होंने अपने संदेश का समापन 'जय माता दी' के उद्घोष के साथ किया।
उल्लेखनीय है कि शारदीय नवरात्र आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से शुरू होकर नौ दिनों तक मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां शैलपुत्री दुर्गा के नौ स्वरूपों में प्रथम हैं। 'शैलपुत्री' का अर्थ है पर्वतराज हिमालय की पुत्री। पौराणिक कथाओं के अनुसार, वे पूर्व जन्म में राजा दक्ष की पुत्री सती थीं। भगवान शिव से विवाह के बाद पिता के यज्ञ में अपमानित होने पर उन्होंने योगाग्नि में अपने प्राण त्याग दिए थे। अगले जन्म में उन्होंने हिमालय के घर पुत्री के रूप में जन्म लिया और शैलपुत्री कहलाईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित