पटना , अप्रैल 22 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री ने बुधवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि विष्णुपद मंदिर परिसर, फल्गु नदी के तटीय क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों को इस प्रकार से विकसित करें कि मुख्य मंदिर तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। श्री चौधरी की अध्यक्षता में आज मुख्य सचिवालय स्थित अधिवेशन कक्ष में विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर परियोजना को लेकर समीक्षा बैठक हुयी।

बैठक में मुख्यमंत्री श्री चौधरी को अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर परियोजना के तहत गयाजी स्थित विष्णुपद मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों को विकसित करने की योजना की विस्तृत जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के तहत विष्णुपद मंदिर क्षेत्र में कुल 694 स्ट्रक्चर विकसित किये जायेंगे। इनमें कर्मशियल शॉप, वाहन पार्किंग, श्रद्धालुओं एवं पिंडदानियों के लिये शेड, फल्गु नदी घाट का विकास एवं सौंदर्गीकरण, विष्णुपद मंदिर से मानपुर तक नदी घाट का विकास, सीता कुंड क्षेत्र का विकास आदि शामिल है। यह परियोजना करीब 2390 करोड रूपये की है। यहां तीन स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी, जहां कुल 750 चार पहिया वाहन के अलावा 20 बसों की पार्किंग भी की जा सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित