पटना , सितम्बर 26 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को राजकीय मध्य विद्यालय रामजीचक, बाटागंज, दानापुर में निपुण पथ पढ़ना, लिखना एवं गणना की थीम पर आयोजित अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम)-2026 में शामिल हुये।श्री चौधरी ने इस अवसर पर विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से संवाद कर विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, पठन-पाठन की व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं परीक्षा परिणाम की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि अभिभावक शिक्षक संगोष्ठी का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना, शिक्षकों की उपलब्धता एवं विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा विद्यालयों में आवश्यकतानुसार सुविधाओं का विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों के बीच नियमित संवाद से बच्चों की शैक्षणिक प्रगति को समझने में मदद मिलेगी और यह भी पता चलेगा कि किन विषयों में विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने मेरे सपनों का भारत-सेवा चित्र' अभियान के अंतर्गत आयोजित राज्यव्यापी सेवा चित्र प्रतियोगिता का अवलोकन किया। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनके द्वारा बनाए गए 'विकसित भारत-2047', सोलर एनर्जी, मेट्रो ट्रेन, रोबोट एवं 'सपनों का भारत' आदि विषयों पर आधारित चित्रों के संबंध में जानकारी ली तथा बच्चों की कल्पनाशीलता की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित