पटना , अप्रैल 29 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मंत्री रामेश्वर पासवान के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने अपने शोक संदेश में कहा है कि स्व. रामेश्वर पासवान जी एक कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे। उन्होंने जमुई जिले के सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था और वे जनता के बीच काफी लोकप्रिय थे। वे मृदुभाषी एवं सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
श्री चौधरी ने बताया कि स्व. रामेश्वर पासवान जी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित