पटना , सितंबर 05 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच आज पटना, भागलपुर और राघोपुर के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए।

श्री चौधरी ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने और स्थिति बिगड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए तैयार रहने को कहा।

मुख्यमंत्री ने पटना नगर निगम, जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग को गंगा के बढ़ते जलस्तर पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने तथा पटना शहरी सुरक्षा तटबंध और आसपास के क्षेत्रों की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने गंगा बेसिन वाले जिलों के प्रभारी मंत्रियों और प्रधान सचिवों को प्रभावित क्षेत्रों में कैंप कर बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने को कहा।

श्री चौधरी ने बक्सर से कटिहार तक गंगा किनारे स्थित बक्सर, भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, बेगूसराय, समस्तीपुर, लखीसराय, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और कटिहार जिलों में जमीनी स्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

इस बीच पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर आज सुबह 50.51 मीटर पहुंच गया, जो खतरे के निशान से 1.91 मीटर ऊपर है। आने वाले समय में और वृद्धि की संभावना है।

जल संसाधन विभाग ने जिला प्रशासन को लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर पिछले उच्चतम बाढ़ स्तर के करीब पहुंचने के कारण संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित