भागलपुर , मई 31 -- बिहार राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने रविवार कहा कि भागलपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों में हाल ही में आई प्रलयकारी आंधी-तूफान और बारिश से हुई तबाही का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को ग्राउंड जीरो पर जाकर अवश्य जायजा लेना चाहिए था,जिससे वे प्रभावित क्षेत्रों में हुए भारी नुकसान से वास्तविक रूप से अवगत हो पाते। श्री यादव ने बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री के भागलपुर आगमन के दौरान नवगछिया, बिहपुर, खरीक और नारायणपुर सहित अन्य प्रखंडों के आंधी-तूफान प्रभावित किसानों और आम लोगों को उम्मीद थी कि वे प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय या हवाई निरीक्षण जरूर करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं होने से लोगों को निराशा हुई।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि किसानों और आम लोगों को भारी नुकसान हुआ है, इसलिए प्रभावित परिवारों को आपदा मानकों से अलग विशेष आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इस आपदा की घड़ी में संवेदनशीलता दिखाने के बजाय संवेदनहीनता प्रदर्शित कर रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित