मुंगेर , अप्रैल 17 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को अपशब्द और धमकी देने वाले बेलहर थाना क्षेत्र के व्यक्ति शेखर यादव को अहमदाबाद पुलिस की मदद से मुंगेर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने आज संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तारी के बाद मुंगेर पुलिस अहमदाबाद में शेखर यादव से पूछताछ कर रही है और उसे शीघ्र ही पुलिस हिरासत में मुंगेर ला कर न्यायालय में उसे प्रस्तुत किया जाएगा।

श्री मसूद ने बताया है कि 15 अप्रैल 2026 को संग्रामपुर थाना क्षेत्र में एक ऑडियो क्लिप जारी हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को अपशब्द कर रहा था और उन्हें तरह-तरह की धमकियाँ भी दे रहा था ।

इस संबंध में मुंगेर पुलिस ने संग्रामपुर पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के साथ जाँच शुरू कर दी है।

पुलिस ने जांच के आधार पर एक टीम अहमदाबाद भेजी, जिसने श्री चौधरी को धमकी देने वाले व्यक्ति को पुलिस हिरासत में ले लिया है।

फिलहाल मुंगेर पुलिस शेखर यादव से अहमदाबाद में पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित