कोलकाता , अगस्त 01 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल के बदल जाने का हवाला देते हुए निर्वासित बांग्लादेशी लेखिका तस्लीमा नसरीन का कोलकाता में स्वागत किया है।
श्री अधिकारी ने शनिवार को रवींद्र सदन में एक साहित्यिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निर्वासित लेखिका को राज्य में आने पर पूरी सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल में न सिर्फ सरकार का चेहरा बदला है बल्कि व्यवस्था भी बदल गई है।" मुख्यमंत्री ने कहा, "जब भी आप चाहें, यहां आ सकती हैं। आपकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री और पुलिस मंत्री शुभेंदु अधिकारी की जिम्मेदारी है।"श्री अधिकारी ने कहा कि कोलकाता में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में तस्लीमा नसरीन की भागीदारी ही राज्य में लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की आजादी की बहाली को दर्शाती है। उन्होंने कहा, "आज पश्चिम बंगाल बेड़ियों और पाबंदियों से मुक्त है। हर किसी को यहां आने और अपनी बात रखने का अधिकार है। आज का कार्यक्रम साबित करता है कि बंगाल में लोकतंत्र, बोलने की आजादी और मौलिक अधिकारों की पूरी सुरक्षा है। डराने-धमकाने की संस्कृति अब पुरानी बात हो गई है।" उल्लेखनीय है कि तस्लीमा नसरीन लगभग दो दशक बाद एक साहित्यिक कार्यक्रम के लिए कोलकाता लौटीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित