रायपुर, 21 मई 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत गुरुवार को कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड स्थित ग्राम कुशहा में आकस्मिक प्रवास के दौरान ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से बिजली, पेयजल, शिक्षा, राशन, आवास और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 1 मई से 10 जून तक प्रदेशभर में सुशासन तिहार के अंतर्गत क्लस्टरवार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां अधिकारियों द्वारा मौके पर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का तत्काल निराकरण संभव नहीं है, उनका समाधान एक माह के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पेयजल और मोबाइल नेटवर्क की समस्या से अवगत कराया। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए क्षेत्र में मोबाइल टॉवर स्थापना की दिशा में पहल करने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों और स्टाफ की उपलब्धता, प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना तथा राशन वितरण व्यवस्था की भी जानकारी ग्रामीणों से ली। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें समय पर राशन और तेंदूपत्ता बिक्री का पारिश्रमिक मिल रहा है।

चौपाल में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क और पुलिया निर्माण तथा गांव में हायर सेकेंडरी स्कूल खोलने की मांग भी रखी। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित