जशपुर , जुलाई 12 -- जशपुर जिले के ग्राम दोकड़ा स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित होने वाले रथ यात्रा महोत्सव-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, जबकि रथ सज्जा, पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं की सुविधाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस वर्ष महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

मंदिर आयोजन समिति के अनुसार 14 जुलाई को नेत्र उत्सव एवं नव यौवन दर्शन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत होगी। इसके बाद 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ निकाली जाएगी।

रथ यात्रा के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय होंगे। दोनों पारंपरिक रीति रिवाजों के अनुसार गजपति महाराज की परंपरा का निर्वहन करेंगे, जो इस महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन ओडिशा की प्रसिद्ध कीर्तन मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही रंगोली, चित्रकला, लिटिल चैंप और फूल-माला प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन महाप्रसाद वितरण की भी व्यवस्था रहेगी।

आयोजन समिति के अनुसार 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा, 25 जुलाई को सुना वेश, 26 जुलाई को अधर पाना तथा 27 जुलाई को नीलाद्री विजय के साथ महोत्सव का विधिवत समापन होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित