नारायणपुर , जनवरी 31 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नारायणपुर जिले के गरांजी स्थित परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय में अचानक पहुंचे और छात्रों के बीच रहे। यहां विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने उनका स्वागत स्वागत गीत, हनुमान चालीसा एवं बस्तर के पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति से किया। बच्चों की मांग पर मुख्यमंत्री साय ने विद्यालय को एक नई बस देने की घोषणा की।
जिला पीआरओ से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार,बच्चों से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री साय ने उन्हें मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की सुविधाओं का पूरा लाभ लेकर बच्चे अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकते हैं। उन्होंने बच्चों को आईएएस, आईपीएस जैसे उच्च पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी शारीरिक चुनौती से निराश नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ अपने बचपन के खेलों के अनुभव भी साझा किए।
इस अवसर पर उन्होंने सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित कर आशीर्वाद दिया। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मुख्यमंत्री साय के साथ उपस्थित राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप, मुख्यमंत्री सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह एवं आईजी सुंदरराज पी. ने भी सराहना की।
गौरतलब है कि परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय का शुभारंभ सितंबर 2023 में हुआ था और इसका संचालन जिला खनिज न्यास निधि से हो रहा है। संस्था का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समावेशी शिक्षा प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। वर्तमान में विद्यालय में 60 बच्चे अध्ययनरत हैं, जहां ऑडियोलॉजी, फिजियोथेरेपी, विशेष शिक्षा, संगीत, कंप्यूटर शिक्षा आदि की समुचित सुविधाएं उपलब्ध हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित