रायपुर , मई 10 -- छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने जशपुर प्रवास के दौरान विकासखंड कुनकुरी अंतर्गत ग्राम पंचायत कलिबा में आयोजित कार्यक्रम में 16 करोड़ 5 लाख 91 हजार रुपये की लागत से 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी।
इन कार्यों में उच्च स्तरीय पुल, आधुनिक हाट बाजार, फल-सब्जी मंडी, स्कूल भवन और महतारी सदन शामिल हैं, जिनसे ग्रामीण अधोसंरचना, शिक्षा, कृषि विपणन, आवागमन और महिला सशक्तिकरण को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब और किसानों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, स्कूल और बाजार जैसी आधारभूत सुविधाएं केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन को मजबूत करने का माध्यम हैं।
उन्होंने कार्यक्रम में 12 करोड़ 86 लाख 3 हजार रुपये की लागत से 8 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन बोर्ड के माध्यम से ग्राम पंचायत कलिबा में 57 लाख 66 हजार रुपये की लागत से आधुनिक हाट बाजार का निर्माण किया जाएगा, जबकि ग्राम पंचायत बेहराखार में 80 लाख 59 हजार रुपये की लागत से एक अन्य हाट बाजार का निर्माण होगा।
लोक निर्माण विभाग (सेतु) द्वारा कलिबा-टांगरबहार मार्ग पर 5 करोड़ 11 लाख 6 हजार रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग तथा बांसपतरा-दुलदुला मार्ग पर चांपाझरिया नाला में 5 करोड़ 90 लाख 80 हजार रुपये की लागत से पुल निर्माण किया जाएगा। इनसे विशेषकर बरसात में आवागमन सुगम होगा।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के नए भवनों का भूमिपूजन भी किया गया, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने 3 करोड़ 19 लाख 88 हजार रुपये की लागत से पूर्ण 4 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। इसमें कृषि उपज मंडी समिति जशपुर द्वारा निर्मित फल-सब्जी मंडी, गोदाम, प्लेटफार्म, पार्किंग एवं अन्य सुविधाएं शामिल हैं।
इसके साथ ही ढोढ़ीबहार, नारायणपुर और केराड़ीह में निर्मित महतारी सदनों का लोकार्पण किया गया। प्रत्येक महतारी सदन 24 लाख 70 हजार रुपये की लागत से बना है, जिससे महिला स्व-सहायता समूहों और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित