चम्पावत , अगस्त 04 -- उत्तराखंड में मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से चम्पावत जिले के 45 लाभार्थियों के लिए कुल 6.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। शासन ने धनराशि जारी कर दी है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मंगलवार को बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ सहायता राशि का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भुगतान केवल शासन द्वारा स्वीकृत सूची में शामिल लाभार्थियों को ही किया जाएगा तथा प्रत्येक लाभार्थी से आवश्यक अभिलेख और स्टाम्पयुक्त रसीद प्राप्त कर सुरक्षित रखी जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश तीन माह के भीतर किसी लाभार्थी को सहायता राशि वितरित नहीं हो पाती है, तो संबंधित धनराशि शासन को निर्धारित प्रक्रिया के तहत वापस भेजी जाएगी। वहीं, लाभार्थियों को सहायता राशि प्राप्त होने के छह माह के भीतर निर्धारित उद्देश्य के लिए उसका उपयोग कर उपयोगिता प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध कराना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित