जालौन , अगस्त 3 -- उत्तर प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवारों को राहत प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत सोमवार को जालौन के ग्राम रुरा अड्डू (तहसील उरई) में मृतका खुशी चौहान के परिजनों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से स्वीकृत 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
गौ सेवा आयोग के सदस्य राजेश सेंगर तथा उपजिलाधिकारी उरई उत्तम कुमार तिवारी ने मृतका के पिता भगवत सिंह को सहायता राशि का प्रमाणपत्र सौंपा।
उपजिलाधिकारी श्री तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से स्वीकृत पांच लाख रुपये की धनराशि तीन अगस्त को आरटीजीएस के माध्यम से लाभार्थी के बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी गई है। उन्होंने शासन की ओर से शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि 29 जनवरी 2025 को खुशी चौहान की हत्या कर दी गई थी। मामले के परीक्षण के उपरांत शासन स्तर पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। इस अवसर पर तहसीलदार श्रीश मिश्रा, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित