रायपुर , अगस्त 05 -- छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत प्रदेश के लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
योजना का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं को बढ़ावा देने के साथ कलाकारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और कला दलों के सतत विकास को प्रोत्साहित करना है। इस योजना के तहत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीत लेखन, वाद्ययंत्र वादन, शिल्प कला, छत्तीसगढ़ी पारंपरिक पाक कला और सौंदर्यकला से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं।
चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से प्रदान की जाएगी। यह राशि एक वित्तीय वर्ष में एक बार दी जाएगी।
योजना का लाभ लेने के लिए कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य होगा। इसके साथ ही सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के साथ आय प्रमाण-पत्र, बैंक खाता विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की छायाप्रति जमा करनी होगी।
कलाकार निर्धारित प्रारूप में आवेदन संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर स्थित कार्यालय में पंजीकृत डाक के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण समिति द्वारा किया जाएगा और समिति का निर्णय अंतिम होगा।
संस्कृति विभाग की यह पहल प्रदेश की लोक कला परंपराओं को संरक्षित करने के साथ कलाकारों को आर्थिक मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित