हैदराबाद , अगस्त 06 -- तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) अध्यक्ष महेश कुमार गौड ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के साथ उनके अच्छे संबंध हैं और दोनों के बीच मतभेद का सवाल ही पैदा नहीं होता।
श्री गौड ने गांधी भवन में संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस पार्टी और सरकार के बीच कोई दरार नहीं है और रेवंत रेड्डी 'हमारी पार्टी के मुख्यमंत्री' हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की समन्वय समिति में सरकार के प्रमुख कार्यक्रमों और निर्णय लेने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई और मुख्यमंत्री के लिए समिति के सामने हर मुद्दे का खुलासा करना जरूरी नहीं है।
श्री गौड ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) नेता टी. हरीश राव का जिक्र करते हुए उनसे उन मंदिरों के दौरों के बारे में सफाई मांगी, जो उनके अनुसार तांत्रिक अनुष्ठानों से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने न तो श्री राव का अपमान किया और न ही उनके खिलाफ कोई झूठा प्रचार किया लेकिन वे इस बात पर कायम रहे कि श्री हरीश राव को उन दौरों का मकसद स्पष्ट करना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित