ऋषिकेश , अगस्त 21 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को उपचार में राहत देने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसी कड़ी में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शुक्रवार को अपने कैंप कार्यालय में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से आए जरूरतमंद लोगों को चार लाख 15 हजार रुपये के करीब आठ चेक वितरित किए।

इस मौके पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को उपचार के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सहायता का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्हाेंने कहा कि सहायता प्राप्त करने वालों में गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोग शामिल रहे। इनमें कुछ लाभार्थी कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जूझ रहे हैं। आर्थिक तंगी के बीच मुख्यमंत्री राहत कोष से मिली सहायता से उनके उपचार में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं। पात्र लोगों को भविष्य में भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।

इस अवसर पर सत्येश्वरी देवी, शालू चौहान, कुशाल सिंह, राजपाल सिंह, तरुण भारती, दर्शनी देवी नूतन तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित