गोंडा , जून 19 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा दौरे के दौरान देवीपाटन और बस्ती मंडल के विधानसभा क्षेत्रों में लोक निर्माण विभाग की विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए 4901.65 करोड़ रुपये लागत के एक हजार से अधिक विकास कार्यों के प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की।

उन्होंने मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ, स्वामीनारायण मंदिर, मखौड़ा धाम समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले 13 महत्वपूर्ण मार्गों के विकास को भी स्वीकृति दी। मुख्यमंत्री तेरह दिन बाद पुनः गोंडा पहुंचे थे। उन्होंने महाराजा सुहेलदेव सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में देवीपाटन मंडल के गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती तथा बस्ती मंडल के बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर जनपदों की सड़क, पुल और संपर्क मार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण देखा और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लगभग 50-50 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने, जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण तथा पुल एवं सेतु निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गड्ढामुक्त अभियान की स्थिति की भी समीक्षा की और लंबित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। योगी ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सर्वाधिक 810 कार्यों को मंजूरी दी। इन कार्यों पर लगभग 1472.83 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 1602 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण कर बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा 50 से अधिक सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य भी कराया जाएगा।

समीक्षा बैठक में दो राज्य राजमार्गों के विकास, प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी, 81 लघु सेतु तथा सात बड़े पुलों के निर्माण को भी स्वीकृति दी गई। शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए बाईपास मार्गों और ओवरब्रिज निर्माण से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने देवीपाटन मंडल में सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में 12 हेलीपैड निर्माण परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गई। उन्होंने हरदौपट्टी संपर्क मार्ग, कटरा बाजार क्षेत्र के विभिन्न संपर्क मार्गों, सुभानपुर-बेलवानोहर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण तथा अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की भी जानकारी प्राप्त की।

योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर आधारभूत संरचना विकसित कर आवागमन को सुगम बनाना तथा धार्मिक, औद्योगिक एवं पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी को और मजबूत करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित