वाराणसी , अप्रैल 4 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को काशी में 'स्कूल चलो' अभियान के शुभारंभ अवसर पर बच्चों को मिड-डे मील परोसा। उन्होंने बच्चों को स्कूल बैग, पाठ्य पुस्तकें, उपहार और चॉकलेट भी भेंट की। मुख्यमंत्री ने निपुण विद्यालयों और मेधावी बच्चों को पुरस्कृत भी किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत मंचस्थ अतिथियों ने 'शैक्षिक नवाचार एवं उपलब्धियां' पुस्तिका का विमोचन किया। इस अवसर पर अभियान से जुड़ी एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। शिवपुर के कंपोजिट विद्यालय में 'स्कूल चलो' अभियान के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पढ़ाईरत बच्चों को मिड-डे मील परोसा। उन्होंने अत्यंत श्रद्धा और स्नेह के साथ बच्चों को भोजन कराया। बच्चों ने भी खिलखिलाते हुए मुख्यमंत्री के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा, "रोज स्कूल आना और मेहनत से पढ़ना", तो बच्चों ने मासूमियत भरे अंदाज में सिर हिलाकर हामी भरी। बच्चों ने हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री को अपना प्रणाम भी निवेदन किया। भोजन परोसने के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके मंत्रीगण और जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित