टोक्यो/लखनऊ , फरवरी 25 -- उत्तर प्रदेश को वैश्विक लॉजिस्टिक्स और हाई-वैल्यू मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान दौरे के दौरान कोनोइके ट्रांसपोर्ट कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान राज्य में लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउसिंग, मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और मेडिकल डिवाइस निर्माण के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

इससे पहले टोक्यो पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अनूठे अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपने आधिकारिक हैंडल से लिखा, "अभी जापान की राजधानी टोक्यो पहुंचा हूं। उगते सूरज की नवोन्मेषी भूमि को प्रभु श्री राम की पावन धरा के 'आदित्य' का नमस्कार.।"बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश का रणनीतिक स्थान, मजबूत कनेक्टिविटी और तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक ढांचा निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि राज्य का डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से जुड़ाव माल परिवहन को अधिक तेज और किफायती बनाता है, जिससे निर्यात आधारित उद्योगों और वैश्विक सप्लाई चेन से जुड़े निवेशकों को विशेष लाभ मिल सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित