लखनऊ , जुलाई 3 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 9वें 'उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026' का उद्घाटन किया।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से आई 800 से अधिक आम की किस्मों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा प्रगतिशील बागवानों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने आम के निर्यात के लिए तैयार खेप को 'काकोरी ब्रांड' के तहत फ्लैग ऑफ भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों और बागवानों को मंच उपलब्ध कराने से उनकी प्रतिभा और उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी 800 से अधिक किस्मों के आम इस महोत्सव में प्रदर्शित किए गए हैं। वाराणसी और गोरखपुर का लंगड़ा, मलिहाबाद की दशहरी, बागपत और सहारनपुर सहित प्रदेश की हर कमिश्नरी के आम अपनी मिट्टी की खुशबू और मिठास के साथ लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आम की खेती किसानों की आय बढ़ाने का बड़ा माध्यम बन रही है। यदि किसान अपने उत्पाद को निर्यात योग्य बनाएं तो उन्हें कई गुना अधिक लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में जब इस महोत्सव की शुरुआत हुई थी, तब सीमित किस्में प्रदर्शित होती थीं, लेकिन आज यह संख्या 800 से अधिक पहुंच चुकी है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'लोकल फॉर वोकल' अभियान की सफलता को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश के किसान अब यूके, यूएई, मलेशिया, सिंगापुर, कुवैत, अमेरिका (न्यूयॉर्क), जापान, इटली, कतर और रूस समेत कई देशों में आम का निर्यात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मलिहाबाद का आम आज वैश्विक ब्रांड बन चुका है और इसकी अंतरराष्ट्रीय मांग लगातार बढ़ रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मलिहाबाद के आम के निर्यात के लिए 'काकोरी ब्रांड' को फ्लैग ऑफ करते हुए कहा कि यह ब्रांड काकोरी के अमर शहीदों की स्मृति और किसानों की मेहनत को समर्पित है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह ब्रांड उत्तर प्रदेश के आम को वैश्विक बाजार में नई पहचान दिलाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में मजबूती से अपनी जगह बना रहा है और कृषि एवं बागवानी क्षेत्र इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित