लखनऊ , जून 17 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश पुलिस के कंप्यूटर ऑपरेटरों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने पुलिस सुधारों और अफसरशाही की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला।

मुख्यमंत्री ने कहा, "यूपी के आईपीएस को आईएएस ऐसा फाइलों में दबाते थे कि फाइलें खुलती ही नहीं थीं। यानी यमराज भी आ जाएं तो आईएएस से फाइल खुलवाना कठिन था। हमने 7 जनपदों में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू कर दिया। यह पुलिस रिफॉर्म का पार्ट है।"उन्होंने कहा कि जिनको पुलिस रिफॉर्म की जानकारी नहीं, वो कमिश्नरेट सिस्टम पर उंगली उठाते हैं। जिनको पुलिसिंग की जानकारी नहीं, वो उंगली उठाते हैं। ये वो लोग हैं जिनको आम नागरिक की सुविधा व सुरक्षा की चिंता नहीं। योगी ने यूपी पुलिस को नसीहत देते हुए कहा, "हम लोग अक्सर देखते हैं कि ड्यूटी के दौरान लोग रील बनाते रहते हैं। यह अनुशासनहीनता का एक पार्ट है। उस समय हमें अपनी ड्यूटी के प्रति सजग रहना होगा, न कि रील बनाना होगा।" उन्होंने कहा कि हमें इस बात का ध्यान रखना है कि हमको जिस कार्य को करना है, उसके प्रति उतनी ही सतर्कता और गंभीरता भी होनी चाहिए। तभी वह गरिमापूर्ण तरीके से परिणाम दे पाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, "कोई ऐसा कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे हम अनावश्यक हंसी के पात्र बनें। सिस्टम पर अनावश्यक उंगली उठाने का प्रयास होता है। अपने आप कुछ कर नहीं सकते, अनावश्यक सिस्टम पर उंगली उठाते हैं लोग।" उन्होंने कहा कि जिसकी जहां ड्यूटी है, वह कार्य करेगा तो परिणाम अपने आप आएगा। उस परिणाम को लाने के लिए टीम भाव के साथ हम सबको आगे बढ़ना होगा।

नियुक्ति पत्र पाकर नवचयनित कंप्यूटर ऑपरेटरों के चेहरे खिल उठे। सीएम ने सभी को ईमानदारी और समर्पण से काम करने की सलाह दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित