गोरखपुर , जून 02 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार (3 जून) को गीडा के सेक्टर-13 में 42.50 करोड़ रुपये की लागत से बने प्रदेश के दूसरे फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे और वह गीडा के विभिन्न सेक्टर्स के लिए करीब 208 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री, गीडा में सेवायोजित कामगारों के लिए ईडब्ल्यूएस-एलआईजी आवासीय परिसर का भी उद्घाटन करेंगे।

गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) क्षेत्र में बड़े उद्योगों के साथ एमएसएमई यूनिट्स को आगे बढ़ाने के लिए योगी की मंशा के अनुरूप, सेक्टर-13 में फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया है। कानपुर के बाद यह प्रदेश का दूसरा निर्मित फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स है। प्लग एंड प्ले मॉडल वाले इस फ्लैटेड फैक्ट्री के जरिये लघु एवं मध्यम उद्यम की नई श्रृंखला तैयार होगी।

गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक के अनुसार करीब 2.68 एकड़ परिसर वाले फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स में इंडस्ट्रियल ब्लॉक और यूटिलिटी ब्लॉक का निर्माण कराया गया है।

इंडस्ट्रियल ब्लॉक (जी3) में 80 यूनिट्स के लिए प्रति यूनिट का क्षेत्रफल 97.51 वर्गमीटर एवं एमिनिटी / यूटीलिटी ब्लॉक (जी$1) में 42 यूनिट्स हेतु, प्रति यूनिट का क्षेत्रफल 20.89 वर्गमीटर है। इंडस्ट्रियल ब्लॉक में एमएसएमई की यूनिट्स प्लग एंड प्ले मॉडल पर लगेंगी। हर तरह की सुविधा पहले से मौजूद होने से कोई भी उद्यमी आवंटन के बाद यहां आकर सीधे कार्य प्रारंभ कर सकेगा। यूटिलिटी ब्लॉक में बैंक, गोदाम, सेल्स शोरूम आदि के लिए स्थान आवंटित किया जाएगा।

फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स में प्लग एंड प्ले सुविधा के साथ अन्य कई मूलभूत और उद्योग अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध करायी गई हैं। फ्लैटेड फैक्ट्री से प्रत्यक्ष रुप से करीब 1000 लोगों को रोजगार प्राप्त हो सकेगा। फ्लैटेड फैक्ट्री से एमएसएमई और इसके अनुसंगी क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्य रूप से प्रदूषण रहित रेडीमेड गारमेंट, आईटी एवं फार्मा सेक्टर जैसी इकाइयों को प्रोत्साहन प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गीडा की तरफ से विकसित विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों में 71 विकास कार्यों का भी लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें मूलभूत अवस्थापना सुविधाओं जैसे सड़क, नाली, पुलिया, बिजली, वेस्ट मैनेजमेंट, वाटर ट्रीटमेंट, सीवरेज नेटवर्क से संबंधित कार्य शामिल हैं। इन कार्यों पर 207.96 करोड़ रुपये की लागत आ रही है।

फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण अवसर पर सीएम योगी गीडा सेक्टर-11 में गीडा की इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए बने एलआईजी और ईडब्ल्यूएस के 96 फ्लैट्स वाले आवासीय परिसर का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गीडा में काम करने वालों को कार्यस्थल के आसपास घर उपलब्ध कराने के लिए आर्थिक रूप से दुर्बल आय वर्ग (ईडब्ल्यूएस) एवं अल्प आय वर्ग (एलआईजी) की आवासीय योजना को मूर्त रूप दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित