रायबरेली , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 24 अगस्त को रायबरेली का एक दिवसीय संभावित दौरा प्रस्तावित है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइंस पहुंचने की संभावना है। हालांकि शासन की ओर से अभी आधिकारिक प्रोटोकॉल जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री का पहला कार्यक्रम सुबह करीब 10 बजे राणा बेनी माधव स्मृति सभागार के लोकार्पण और जनसभा का प्रस्तावित है। इसके बाद फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज परिसर में राणा बेनी माधव बख्श सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ रेंज किरण एस. ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में संभावित मार्ग, यातायात डायवर्जन, वाहनों की पार्किंग, वीआईपी आवागमन और आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस बीच जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने शनिवार को राणा बेनी माधव बख्श सिंह स्मृति सभागार परिसर में सूचना विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।
प्रशासनिक स्तर पर मुख्यमंत्री के संभावित दौरे की तैयारियां जारी हैं। हालांकि कार्यक्रम का अंतिम स्वरूप और समय शासन की ओर से आधिकारिक प्रोटोकॉल जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित