वाराणसी , जून 5 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वाराणसी में शुक्रवार को राजकीय महिला जिला चिकित्सालय (एमसीएच विंग), कबीरचौरा में भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

हर साल की तरह इस बार भी त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन एवं हिंदू युवा वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में कुल 440 यूनिट रक्तदान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र 'दयालु' रहे। उन्होंने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज के प्रति समर्पण और सेवा भावना को और मजबूत करने वाला है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों की जान बचाने में सहायक होता है, इसलिए स्वस्थ लोगों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि पातालपुरी मठ के महंत बालकनाथ जी महाराज ने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। रक्तदान ऐसा पुण्य कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है। विशिष्ट अतिथि प्रदीप अग्रहरि, महानगर अध्यक्ष (भारतीय जनता पार्टी) ने युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़ने और सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित